अपराध

कोठीभार थानाक्षेत्र के चनकौली गांव में खूनी रंजिश, आगजनी, पांच घायल


- हत्या के छह माह पुराने मामले को लेकर हुआ विवाद, गांव पुलिस छावनी में तब्दील
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- 

कोठीभार थाना क्षेत्र के चनकौली गांव में शुक्रवार की देर रात हत्या के 6 माह पुराने मामले को लेकर दो पक्ष के बीच खूनी झड़प हुई। इस घटना में 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आक्रोशित लोगों ने आरोपितों के घर में आग लगा दिया। गांव में अफरा तफरी मच गई। सूचना पर कई थानों की पुलिस टीम के अलावा पुलिस अफसर मौके पर पहुंच गए हैं। स्थिति को नियंत्रण में लेकर घायलों को इलाज के लिए सिसवा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सकों ने तीन की हालत को गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
चनकौली गांव में शुक्रवार की रात साढ़े आठ बजे जो हिंसक विवाद हुआ, उस घटना का तार गांव में छह माह पहले 23 नवंबर को राजेश नाम के एक व्यक्ति की हत्या से जुड़ता नजर आ रहा है। उस मामले में पुलिस पांच लोगों को गिरफ़्तार कर जेल भेजी थी। बताया जा रहा है कि आरोपित जमानत पर छूट कर घर आए हैं। शुक्रवार को उसी मामले में न्यायालय में सुनवाई थी। दोनों पक्ष के लोग कोर्ट पहुंचे थे। वहां अधिवक्ताओं के हड़ताल के चलते मुकदमा में अगली तारीख पड़ गई। दोनों पक्ष आमने सामने पड़ने के बाद मुख्यालय परिसर में ही भिड़ गए। वहां से घर आने के बाद रात में फिर कहासुनी के बाद विवाद हो गया। आरोप लगाया जा रहा है आरोपित पक्ष के लोगों ने मृतक राजेश के परिजनों पर भुजाली जैसे धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस घटना में मृतक राजेश की पत्नी सहजामी देवी (55), बहू सीमा (27), बेटा शेषमणि, विवेक व पुरन घायल हो गए। इसमें तीन की हालत गंभीर है। खबर यह भी सामने आई कि इस घटना से अक्रोशित लोगों ने आरोपितों के घर में आग लगा दिया। अफरातफरी की स्थिति बन गई। घटना की जानकारी मिलते ही कोठीभार थाने की पुलिस के अलावा आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी पहुंची। जिसके बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने स्थिति अपने नियंत्रण में ले लिया। कुछ संदिग्धों को पुलिस ने बैठा लिया। जिन्हे छुड़ाने के लिए ग्रामीणों ने झड़प किया। घटनास्थल पर एसपी डॉ कौस्तुभ, एएसपी आतिश कुमार सिंह, सीओ निचलौल सूर्यबली मौर्य भी पहुंच गए हैं। स्थिति नियंत्रण में हैं।

यह भी पढ़ें : भतीजे के जन्म पर बाजार में पिस्टल से की फायरिंग, वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने किया गिरफ्तार -पनियरा क्षेत्र के मुड़ीला बाजार की घटना